
करीबी लोगों के बीच इटली में शादी के अटूट बंधन में बंधे विराट कोहली और अनुष्का शर्मा
मुंबई: बॉलीवुड और क्रिकेट का गहरा नाता रहा है। कई बॉलीवुड अभिनेत्रियों ने क्रिकेट जगत से अपने लिए जीवनसाथी चुना। इसी कदम में आगे बढ़ते हुए लगभग तीन सालों तक रिलेशनशिप में रहने के बाद आखिरकार अनुष्का शर्मा और विराट कोहली शादी के अटूट बंधन में बांध ही गए। इटली के एक रेसॉर्ट में दोनों ने परिवार के करीबी सदस्यों के बीच शादी कर ली। उनके शादी की खबर मिलते ही विराट और अनुष्का के फैन काफी खुश हैं। इस बात की जानकारी दोनों ने ट्वीट करके दी है।
जानकारी के अनुसार विराट और अनुष्का की शादी इटली के टस्कनी (Tuscany) स्थित Borgo Finocchieto में संपन्न हुई। दोनों के परिवार वाले और करीबी रिश्तेदार 8 दिसंबर को भारत से इटली के लिए निकले थे। उनके साथ परिवार का पंडित भी गया था। मुंबई एयरपोर्ट पर अनुष्का शर्मा को उनके पिता अजय शर्मा, माँ आशिमा और बड़े भाई कारनेश के साथ देखा गया था। पहले यह कहा जा रहा था कि अनुष्का और विराट की शादी 12 या 15 दिसंबर को होनी है, लेकिन दोनों ने 11 दिसंबर को ही शादी कर ली।
सूत्रों के अनुसार दोनों की शादी के बाद 21 और 26 दिसंबर को दिल्ली और मुंबई में रिसेप्शन होगा। इस रिसेप्शन में खेल जगत, सिनेमा जगत, राजनीतिक जगत के साथ ही उद्योग जगत की हस्तियाँ भी शामिल होंगी। यह भी कहा जा रहा है कि भारतीय क्रिकेट टीम के दक्षिण अफ्रीका दौरे के समय अनुष्का भी विराट कोहली के साथ रहेंगी। जैसे ही विराट ने अपना नाम श्रीलंका वनडे सीरीज से वापस लिया था, उनके शादी की अटकलें शुरू हो गयी थीं।
आपको बता दें अनुष्का और विराट का रिश्ता तीन साल पहले उस समय शुरू हुआ था, जब दोनों ने साथ में एक एड फिल्म शूट की थी। अनुष्का को सबसे पहले 2015 के आपीएल मैचों में विराट की बेंगलुरु टीम के मुकाबले दर्शक दीर्घा में बौठे देखा गया। दोनों के रिश्ते की बात उस समय सबके सामने आयी जब ऑकलैंड में रात में दोनों को साथ घूमते हुए किसी ने तस्वीरें खींचकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी। बाद में विश्वकप में कोहली द्वारा ख़राब प्रदर्शन करने की वजह से अनुष्का को दोष दिया जाने लगा। इससे विराट बौखला गए थे। कुछ दिनों के लिए दोनों अलग भी हो गए थे। लेकिन जल्द ही एक साथ भी हो गए थे।