![](https://www.newstrend.news/wp-content/uploads/2022/05/anurag-basu-director-struggle-08.05.22-1-780x421.jpg)
काम के चक्कर में कई दिन घर भी नहीं जा पाते थे अनुराग बसु, जानें क्या हुआ जब हो गया था कैंसर?
बॉलीवुड ने कई मशहूर डायरेक्टर दिए हैं। इनकी अगर लिस्ट बनाई जाए तो उसमें अनुराग बसु का नाम जरूर सामने आता है। अनुराग के डायरेक्शन का जादू उनकी फिल्मों में दिखाई पड़ता है। वो एक्टर्स से ऐसा अभिनय करवा लेते हैं जो खुद उनको भी नहीं पता होता कि ये हमने कैसे कर दिया। इसी वजह से अनुराग बहुत फेमस हैं।
अनुराग बसु का आज यानि 8 मई को जन्मदिन है। उनके संघर्ष की कहानी भी दूसरे कलाकारों से कम नहीं है। उन्होंने काफी स्ट्रगल किया तब जाकर वो थिएटर से फिल्मों तक पहुंचे। काम की वजह से वो अपने घर की शक्ल भी कई दिनों तक नहीं देख पाते थे। उनको एक बार कैंसर भी हो चुका है। आइए उनके जीवन की कुछ दिलचस्प बातों को जानते हैं।
1970 में बंगाली परिवार में हुआ जन्म
अनुराग बसु हिन्दी फिल्मों के मशहूर डायरेक्टर हैं। उनके निर्देशन की तो पूरी इंडस्ट्री कायल है। इस टेलेंटेड डायरेक्टर का जन्म 8 मई 1970 को हुआ था। ये अब 52 साल के हो गए हैं। बंगाली परिवार में जन्मे अनुराग बसु मूल रूप से छत्तीसगढ़ के भिलाई में पैदा हुए थे। हालांकि अब वो मुंबई में रहते हैं जो उनकी कर्मभूमि है।
उनके पिता का नाम सुब्रतो बोस और मां का नाम दीपशिखा बोस है। दोनों ही अवॉर्ड विनिंग थिएटर कलाकार हुआ करते थे। इस वजह से बचपन से ही अनुराग भी थिएटर से ही दिल लगा बैठे। उनके माता पिता पहले नौकरी करते थे। इसके बाद वो थिएटर किया करते थे। बस अनुराग भी पढ़ाई पूरी करने के बाद इसी में लग गए।
थिएटर से शुरू किया काम, पीछे मुड़कर नहीं देखा
मुंबई से स्नातक करने के बाद उन्होंने थिएटर करना शुरू कर दिया। अनुराग वहां से लेखन, अभिनय और डायरेक्शन करने लगे। फिर उन्होंने टीवी पर अपनी किस्मत आजमानी शुरू कर दी। यहां उन्होंने कैमरा और डायरेक्शन करना शुरू किया। इस दौरान उन्होंने कई मशहूर टीवी सीरियलों का डायरेक्शन किया।
उनके टीवी शोज की बात करें तो इनमें तारा, कोशिश एक आशा से लेकर मिट टीवी शो को उन्होंने डायरेक्ट किया। वहीं उन्होंने साल 2003 में बॉलीवुड में कदम रखा। यहां उन्होंने कुछ तो है फिल्म से डायरेक्शन को शुरू किया। फिल्म में ईशा देओल और तुषार कपूर ने एक्टिंग की थी। फिल्म काफी सफल रही थी।
जब हो गया था कैंसर, जानें क्या हुआ
अनुराग बसु का करियर धीरे-धीरे काफी ऊपर चला गया। वो काम में इतने व्यस्त रहने लगे कि कई-कई दिनों तक वो घर भी नहीं जा पाते थे। उनकी खराब लाइफ स्टाइल की वजह से उनको कैंसर भी हो गया। ये बात उनको तब पता लगी जब उनके पहले बच्चे का जन्म हुआ था। अनुराग को जांच में इस बीमारी का पता लगा था।
हालांकि कैंसर का नाम सुनकर ही लोग हार जाते हैं। इसके बाद भी अनुराग ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने बीमारी का डटकर सामना किया और इसको हरा दिया। उन्होंने अपनी प्रेमिका तानी से विवाह रचाया। उनके दो बेटियां हैं जिनके नाम इशाना और अहाना है। अनुराग की गैंगस्टर और मर्डर फिल्म तो आज भी लोगों के दिमाग में बसी है।