Bollywood

जानें खुद से 5 साल छोटी लड़की से कैसे हुआ था बप्पी लहरी को प्यार

बेहद दिलचस्प थी बप्पी दा और चित्राणी की लव स्टोरी, एक शो में खोला था राज

मशहूर गायक और संगीतकार बप्पी लहरी अब इस दुनिया में नहीं रहे। उनका हाल ही में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। सोना पहनने के शौकीन मशहूर गायक ने मुंबई के अस्पताल में अंतिम सांस ली। बप्पी दा तो नहीं रहे लेकिन उनकी यादें हमेशा उनके चाहने वालों के बीच रहेंगी। उनके परिवार में पत्नी चित्राणी और दो बच्चे हैं।

bappi lahiri

बप्पी लहरी के एक लड़का बप्पा लहरी और एक लड़की रीमा हैं। आज हम आपको बप्पी दा की लव स्टोरी के बारे में बताते हैं। उनकी लव स्टोरी भी उनके गीतों की तरह ही रोचक है। आइए जानें कैसे उनको अपनी पत्नी से प्यार हुआ था जो उम्र में पांच साल छोटी थीं।

कोलकाता में हुई थी पहली मुलाकात

बप्पी दा ने अपनी लव स्टोरी का राज एक चैट शो के दौरान खोला था। उन्होंने पत्नी चित्राणी से पहली मुलाकात और उनके लिए गाए गीत का भी जिक्र किया था। दिवंगत संगीतकार ने बताया था कि दोनों की पहली मुलाकात कोलकाता में हुई थी। हालांकि इस दौरान वो दोनों ही बहुत छोटे थे। बप्पी दा ने बताया था कि दोनों के परिवार एक दूसरे को जानते थे और उनका मिलना जुलना लगा रहता था। इसी वजह से वो भी फैमिली फ्रैंड थे। हालांकि बचपन की ये दोस्ती कब प्यार में बदल गई, इसका पता खुद बप्पी दा को भी नहीं लगा।

स्टूडियो में गीत गाकर किया था प्रपोज

बप्पी दा ने चैट शो में बताया था कि चित्राणी से वो प्यार करने लगे थे और उनसे शादी भी करना चाहते थे। चित्राणी उस समय 18 साल की हुई थीं और बप्पी 23 साल के थे। यानि दोनों के बीच करीब पांच साल का फासला था। मशहूर गीतकार ने बताया था कि उन्होंने स्टूडियो में अप्रत्यक्ष रूप से चित्राणी को प्रपोज किया था। बप्पी दा उस समय एक गीत की रिकॉर्डिंग के लिए स्टूडियो आए थे और चित्राणी भी वहां पहुंची थीं।

bappi lahiri

इस गीत से कही थी अपने दिल की बात

बप्पी दा ने तारेदव में जो गीत गाया था वो चित्राणी को प्रपोज करने के लिए था। उन्होंने ‘प्यार मांगा है तुम्ही से’ गीत के जरिए पहली बार अपने दिल की बात कही थी। उस समय उनकी पत्नी उनके पास ही बैठी थीं। बप्पी दा ने कहा था कि भले ही ये गीत ज्यादा हिट नहीं हो सका लेकिन वो चित्राणी के लिए ही उन्होंने बड़े मन से गाया था। इसके बाद दोनों ने शादी करने का फैसला कर लिया और हमेशा के लिए एक-दूजे के हो गए।

69 साल की उम्र में हो गया निधन

बप्पी लहरी का निधन 69 साल की उम्र में हो गया। उनको पिछले साल कोरोना हो गया था जिसके बाद से वो उबर ही नहीं सके। उनको सेहत से जुड़ी कई दूसरी बीमारियां भी थीं। बप्पी दा को नींद में सांस रुकने की समस्या भी थी जो आखिरकार जानलेवा साबित हुई और मशहूर सितारा हमेशा के लिए इस दुनिया को छोड़कर चला गया। बप्पी लहरी के निधन पर उनके चाहने वालों का तांता लग गया था। बड़े-बड़े कलाकार उनको श्रद्धांजलि देने के लिए वहां पहुंचे थे।

Back to top button