Breaking news

IPL 2022 में 20 करोड़ के पार जाएगी खिलाड़ियों की बोली! 5 क्रिकेटर बना सकते हैं कमाई का रिकॉर्ड

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL)-2022 के लिए दुनिया भर के खिलाड़ियों की बोली लगने वाली है। कुल 1214 खिलाड़ियों ने नीलामी के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। आईपीएल-2022 के मेगा ऑक्शन में अब ज्यादा दिन नहीं बचे हैं। बीसीसीआई ने 12 और 13 फरवरी को ऑक्शन कराने का फैसला किया है।

आईपीएल में इस बार दो और नई टीमें शामिल की गई हैं। खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़ने के लिए फ्रैंचाइजी में होड़ देखने को मिल सकती है। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार खिलाड़ियों की बोली पहली बार 20 करोड़ के पार जा सकती है। पिछले साल ऑलराउंडर क्रिस मॉरिस इतिहास रचते हुए 16.25 करोड़ में बिके थे। आगे आपको बताएंगे की कौन से ऐसे पांच खिलाड़ी हैं जिन पर इस बार सबसे ज्यादा बोली लग सकती है-

ipl 2022 retention player

डेविड वॉर्नर- ऑस्ट्रेलिया का ये ओपनर बैट्समैन सबसे विस्फोटक बल्लेबाजों में से एक है। वह आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में पांचवें नंबर पर हैं। वार्नर को कप्तानी का भी अनुभव है। उनके नेतृत्व में सनराइजर्स हैदराबाद ने 2016 में आईपीएल की ट्रॉफी पर कब्जा किया था। सनराइजर्स ने उन्हें अब रिलीज कर दिया है। इस बार की बोली में वो 20 करोड़ रुपये का स्लैब पार कर सकते हैं।

मिचेल मार्श- ऑस्ट्रेलिया का ये ऑलराउंडर सीमित ओवरों के फॉर्मेट में बल्ले और गेंद दोनों से कमाल दिखाता रहा है। टी20 में तो वो लगातार ऑस्ट्रेलिया के लिए अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं। मार्श को अपनी टीम में करने के लिए फ्रैंचाइजी के बीच कड़ी टक्कर होगी। वह 20 करोड़ से ज्यादा में भी बिक सकते हैं।

 पैट कमिंस- पैट कमिंस ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम के कप्तान हैं। वह दुनिया के नंबर एक गेंदबाज हैं। टी20 में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। आईपीएल 2020 में केकेआर ने उन्हें 15.50 करोड़ में खरीदा था। इस फ्रैंचाइजी ने उन्हें 2021 में रिलीज कर दिया है। कमिंस इस बार अगर 20 करोड़ रुपये से ज्यादा में बिकते हैं तो हैरानी नहीं होगी।

क्विंटन डिकॉक- साउथ अफ्रीका के इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने कई मौंको पर साबित किया है कि वे सीमित ओवर के क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक हैं। डिकॉक ने हाल में टीम इंडिया के खिलाफ वनडे सीरीज के तीसरे मैच में शतक जड़ा था। इस पारी के बाद आईपीएल की बोली में उनकी प्राइज बढ़नी तय है। डिकॉक की विकेट कीपिंग भी कमाल की है। 20 करोड़ पाने की रेस में डिकॉक भी एक प्रबल दावेदार हैं।

ट्रेंट बोल्ट- न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट आईपीएल के पिछले सीजन तक मुंबई इंडियंस की टीम का हिस्सा थे। मुंबई इंडियन्स ने अब उन्हें रिलीज कर दिया है। बोल्ट पिछले दो सीजन में मुंबई के सबसे सफल गेंदबाज रहे थे। वह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों में से एक हैं। ट्रेंट बोल्ट भी 20 करोड़ का आंकड़ा छू सकते हैं।

Back to top button