![](https://www.newstrend.news/wp-content/uploads/2021/01/madhya-pradesh-fake-tehsildar-took-ornaments-on-wife-birthday.jpg)
नकली तहसीलदार बन व्यापारियों से ठगे जेवरात, बोला- पत्नी का है बर्थडे बाद में दे दूंगा पैसे
मध्य प्रदेश में एक शख्स ने खुद को नायब तहसीलदार बताकर कई व्यापारियों से ठगी की और लाखों के गहनें इनसे लूट लिए। आरोपी की इस हरकत से परेशान होकर व्यवसायियों ने पुलिस से मदद मांगी। जिसके बाद पुलिस नेे जाल बिछाकर इसे धर दबोचा। पुलिस के अनुसार आरोपी खुद को नकली नायब तहसीलदार बताकर लोगों को डराया करता था और उनसे पैसे ठगा करता था।
अलीराजपुर पुलिस के अनुसार उन्हें आरोपी युवक के पास से नकली आईडी कार्ड भी मिला है। ये खुद को नायब तहसीलदार बता कर व्यापारियों से ठगी करता था। फिर वहां से फरार हो जाता था। व्यापारियों की शिकायतों और सूझबूझ की वजह से ही ये आरोपी गुरुवार को पुलिस के हत्थे चढ़ सका।
अलीराजपुर के दो सराफा व्यापारियों ने कोतवाली पुलिस को इस बात की जानकारी दी और पुलिस को बताया कि कोई युवक अपने आपको नायब तहसीलदार बताकर सोने के जेवरात खरीदकर ले गया है। लेकिन अभी तक उसके बारे में कोई भी जानकारी नहीं लग सकी है और न उसने पैसे चुकाए हैं।
कोतवाली पुलिस ने व्यापारियों की आवेदन को गंभीरता से लिया। उसके बाद व्यापारीयों से बातचीत कर आरोपी की जानकारी इकट्ठा की। व्यापारियों ने ठगी करने वाले युवक की जानकारी देते हुए पुलिस को बताया कि ये बहाना बनाकर उनसे गहने ले गया था। आरोपी ने इनसे कहा कि उसकी पत्नी का आज जन्मदिन है और उसे अच्छा सा गिफ्ट देना है। व्यापारियों को अपनी बातों में फंसाने के लिए उसने नकली तहसीलदार की आईडी भी इन्हें दिखाई। इसके बाद पैसे देना का वादा करते हुए उनसे जेवरात ले गया।
व्यापारियों ने जब पैसों की मांग की तो इसने 1-2 दिन में पैसे देने की बात कही और व्यापारियों को एक चेक और फर्जी आईडी दे दी। व्यापारियों की ओर से मिली इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने जांच की तो पता चला कि जिले में आरोपी के नाम का कोई भी अधिकारी नहीं है। वहीं फर्जी आईडी की मदद से पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार के बाद आरोपी से पूछताछ की गई। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वो सूरज मंडलोई खरगोन का रहने वाला है। साथ में ही आरोपी ने किन ओर लोगों से ठगी की उसके बारे में भी पुलिस को जानकारी दी।