Breaking news

उग्र किसानों ने तिरंगे को फेंक दिया था नीचे, लेकिन तभी IPS अफसर ने बचा ली तिरंगे की शान

लाल किले में किसानों द्वारा मचाए गए हुड़दंग के दौरान देश के तिरंगे का खूब अपमान करने की कोशिश की गई। इस दौरान उग्र किसानों ने तिरंगे को वहां से हटाकर नीचे फेंक दिया। दरअसल अपने धर्म विशेष झंडा फहराने के लिए एक उग्र किसान एक पोल पर चढ़ा और यहां पर अपना झंडा फहरा दिया। साथ में ही तिरंगे को नीचे फेंक दिया। ये पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई।

हालांकि इस दौरान वहां तैनात एक आईपीएस अफसर ने तिरंगे का अपमान नहीं होने दिया और तिरंगे को नीचे गिरने से पहले ही पकड़ लिया। उग्र किसानों के लाल किले से जाने के बाद जब पुलिस ने घटना स्थल पर जाकर जांच की तो वहां पर किसान संगठनों के चार से पांच झंडों को बरामद किया गया। साथ में ही लाल किले को भी किसानों ने काफी नुकसान पहुंचाया है।

पुलिस की ओर से अभी तक इस हिंसा की जो जांच की गई है, उसके अनुसार उग्र किसानों ने लाल किले पर 141 पुलिसकर्मी को घायल किया। उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों को किले की खाई में फेंक दिया था। जिसके कारण पुलिसवाले बुरी तरह से घायल हो गए। इस घटना से जुड़ी कई वीडियो भी सामने आई हैं। जिनमें देखा जा सकता है कि कैसे इन्होंने एक-एक कर पुलिसकर्मियों को ऊंची दीवारे से नीचे गिराया।

जांच रिपोर्ट के मुताबिक उपद्रवियों ने लाल किले के अंदर लाइटिंग और बाहर टिकटघर तोड़ दिया। गणतंत्र दिवस समारोह के कारण लाल किले के बाहर व अंदर बड़ी संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, उन्हें भी तोड़ दिया गया। इसके अलावा 20 से ज्यादा कारतूस लूटकर ले गए।


दिल्ली पुलिस के अनुसार मंगलवार को उपद्रवियों ने रात करीब 10 बजे तक लाल किले पर कब्जा कर रखा था। पुलिसकर्मियों को पीटकर खाई में फेंक दिया। जबकि कुछ पुलिसकर्मी अपनी जान बचाने के लिए खुद खाई में कूद गए। लाल किला हिंसा का मुकदमा उत्तरी जिले के कोतवाली थाने में थानाध्यक्ष रितुराज की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, जांच में ये भी सामने आया कि पंजाबी अभिनेता दीप सिद्धू और पंजाब के गैंगस्टर लखवीर सिंह उर्फ लक्खा सिधाना ने लोगों का नेतृत्व किया। इन दोनों ने वहां हिंसा कराई। पुलिस ने इन दोनों को नोटिस जारी किया है। साथ में ही पुलिस ने एक वीडियो भी जब्त किया है, जिसमें दोनों उपद्रवियों का नेतृत्व कर रहे हैं।

Back to top button