
महिला की ज़िद के सामने सरकार की भी नहीं चली, बदलना पड़ा हाइवे का मार्ग
माना जाता है कि बाल हठ, स्त्री हठ और राज हठ ये तीनों कभी किसी के सामने नहीं झुकते हैं। ये तीनों अगर एक बार मन में जिद ठान लें, तो फिर ये उस जिद को पूरा करके ही रहते हैं। ये कहावत चीन में सही साबित हुई है। जी हां, चीन में हाल ही में एक स्त्री हठ का मामला सामने आया है। जिसे जानकर आप भी आश्चर्यचकित रह जाएंगे। दरअसल एक महिला की जिद ने पूरे चीन की सरकार को झुका दिया। आइये जानते हैं, आखिर क्या है पूरा मामला।
चीन की सरकार एक महिला के जिद के सामने झुक गई, सुनकर जरा अजीब लगा रहा होगा। लेकिन ये बात बिल्कुल सही है, दरअसल एक रास्ते के लिए सरकार को महिला के घर के दूसरी तरफ हाईवे का निर्माण कार्य करवाना पड़ा। ये पूरा मामला चीन के गुआंगडोंग प्रांत का है। जहां एक ऐसा हाईवे है, जिसके बीचोंबीच एक घर है। इस हाईवे की तस्वीर देख आप भी चौंक जाएंगे, वहीं इस घर की मालकिन हाईवे पर गाड़ियों की अधिक स्पीड और आवाज के बीच अपना जीवन व्यतीत कर रही है।
प्रशासन की लाख कोशिशों के बावजूद नहीं हटी महिला
इस तस्वीर को देखकर आप सोच रहे होंगे कि हाईवे निर्माण के समय प्रशासन ने इस घर को क्यों नहीं हटाया? उल्लेखनीय है कि जिस समय वहां हाईवे का निर्माण किया जा रहा था, उस समय स्थानीय प्रशासन ने हाईवे के बीच में आ रहे इस घर को हटाने का काफी प्रयास किया था। मगर इस घर की मालकिन ने अपना घर हटाने से मना कर दिया। मालकिन वहीं रहने पर अड़ गई और वहां से हटने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद प्रशासन महिला के जिद के सामने विवश हो गई और आखिर में उस महिला के छोटे से घर के चारों तरफ राजमार्ग पुल का निर्माण करवाना पड़ा। लिहाजा अब उस घर की मालकिन गाड़ियों के तेज आवाज के बीच अपना जीवन व्यतीत कर रही है।
सरकार के मुआवजे को भी ठुकराया
गौरतलब हो कि हाइवे निर्माण से पहले ही महिला ने अपने घर को बेचने से इनकार कर दिया था, तकरीबन एक दशक तक उस महिला और सरकार के बीच तनातनी चलती रही। सरकार की तरफ से मुआवजे की पेशकश भी गई, किंतु महिला ने मुआवजा लेने से भी साफ इनकार कर दिया था। फोटो में देखा जा सकता है कि दक्षिण चीन के गुआंगडोंग प्रांत में बनाए गए आईगुआंग ब्रिज के बीचोंबीच यह महिला अपने छोटे से घर में रहती है। यह पूरा घर 40 वर्ग मीटर का है। चीनी मीडिया के अनुसार गुआंगडोंग प्रांत में यह घर एक फोर लेन ट्राफिक लिंक के मध्य में एक गड्ढे में स्थित है। और उस घर के मालिक का नाम लीआंग है।
सरकार महिला को पुनर्स्थापित करने में रही असफल
मिली जानकारी के अनुसार महिला अपने घर से हटने को इसलिए राजी नहीं हुई क्योंकि सरकार उसे एक अच्छे जगह पर पुनर्स्थापित नहीं करवा सकी। घर की मालकिन लीआंग का कहना है कि भले ही आपको हाईवे के बीचोंबीच का माहौल बेहद खराब लगता हो, लेकिनक यह माहौल बेहद शांत, मुक्त, सुखद और आरामदायक है। साथ ही उसने ये भी कहा कि मैं अपने घर को बचाने में सफल रही, मैं ये नहीं सोचती हूं कि मेरे बारे दूसरे क्या विचार करेंगे।