Breaking news

विकास दुबे का रिश्‍तेदार बन मांगी फिरौती, पुलिस ने किया ऐसा हाल, गिड़गिड़ाने लगा बदमाश

एक बदमाश ने खुद को विकास दुबे का रिश्तेदार बताकर फिरौती मांगने की कोशिश की। हालांकि इस आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया और इसका जो हाल किया, उसके बाद शायद ही ये कभी खुद को विकास दुबे का रिश्तेदार बताने की गलती करेगा। ये मामला यूपी के देवरिया का है। पुलिस के अनुसार इस बदमाश पर 25 हजार रुपए का इनाम था और जब इसे पकड़ा गया तो इसने रोना शुरू कर दिया और पुलिस के सामने गिड़गिड़ाने लगा।

चेन स्नेचिंग किया करता था

पुलिस के अनुसार ये बदमाश चेन स्नेचिंग किया करता था और पुलिस इसकी लंबे समय से तलाश कर रही थी। वहीं इसी बीच इस बदमाश ने एक मैनेजर से रंगदारी मांगी। इस बदमाश की और से तीन दिन पहले एक बाइक एजेंसी के मैनेजर को फोन किया गया और फिरौती मांगी गई थी। रामनाथ देवरिया मोहल्ला के रहने वाले शंभूशरण मिश्र रुद्रपुर मोड़ के पास एक बाइक एजेंसी में मैनेजर हैं। 5 अगस्त को उनको एक फोन आया था। जिसमें एक बदमाश ने इनसे कहा कि वो विकास दुबे का रिश्तेदार है। इस बदमाश ने शंभूशरण मिश्रा से कहा कि विकास दुबे के कुछ रिश्तेदारों की जमानत करानी है। अपने मालिक से बात कर पैसा भेजो नहीं तो जान से हाथ धोना पड़ेगा।

ये फोन आने के तुरंत बाद बाइक एजेंसी मालिक व मैनेजर ने पुलिस को इस बारे में जानकारी दी और एसपी ने तुरंत इस मामले की जांच शुरू कर दी। एसपी के कहने पर सर्विलांस की मदद से एसओजी ने फोन करने वाले का पता लगा लिया और उसे तुरंत पकड़ लिया। वहीं जब इस बदमाश से पूछताछ की गई तो इसने बताया उसका नाम अनूप तिवारी है और वो देवरिया का रहने वाला है। सूत्रों के अनुसार आरोपी अनूप तिवारी ने पुलिस को बताया कि उसने लुधियाना से फोन कर मैनेजर से रंगदारी मांगी थी। वो जिले के रहने वाले एक नेता की बस लेकर लुधियाना गया था और इस दौरान उसने फोन करके फिरौती मांगी। हलांकि इस आरोपी ने फोन करके कितनी फिरौती मांगी इसकी जानकारी हासिल नहीं हुई है।

वहीं पुलिस के अनुसार आरोपी अनूप तिवारी चेन स्नेचिंग समेत कई मामलों में पहले भी जेल जा चुका है। एक मामले में फरार होने के चलते उस पर 25 हजार रुपए इनाम रखा गया था और उसकी तलाश काफी लंबे समय से की जा रही थी। उसने लुधियाना से फोन कर मैनेजर से रंगदारी मांगी थी। जिसके बाद एजेंसी के मैनेजर ने रंगदारी मांगने की शिकायत पुलिस से की और इसे पकड़ा गया।

कौन है विकास दुबे

गौरतलब है कि विकास दुबे यूपी का सबसे बड़ा अपराधी हुआ करता था और इसके नाम से लोग डरते थे। हालांकि पिछले महीने ही पुलिस ने विकास दुबे को एक एनकाउंटर में मार गिराया है। विकास दुबे पर 8 पुलिस वालों को मारने का आरोप था और ये वारादात के बाद से फरार था। विकास दुबे पर 1 लाख रुपए का इनाम रखा गया था और इसे उज्जैन से पकड़ा गया था। विकास पर 60 से भी अधिक केस दर्ज थे। वहीं कुछ महीनों से इसका नाम मीडिया में खूब आ रहा था। जिसकी वजह से अनूप ने विकास का रिश्तेदार बन फोन कर फिरौती मांगी। ताकि विकास का नाम सुनकर मैनेजर डरकर पैसे दे दे।

Back to top button