Bollywood

इस वजह से अर्जुन कपूर ने बंद कर दिया था स्कूल जाना, श्रीदेवी के निधन ने यूं बदल दी जिंदगी

इशकज़ादे, औरंगजेब, 2 स्टेट्स और हाफ गर्लफ्रैंड जैसी फिल्मों में अपने लाजवाब अभिनय के दम पर अपनी एक विशेष पहचान बनाने वाले और अपनी पर्सनालिटी की वजह से लड़कियों का दिल धड़काने वाले बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर 26 जून को 35 साल के हो गए हैं। दिवंगत बॉलीवुड अभिनेत्री श्रीदेवी अर्जुन कपूर की सौतेली मां थीं और जान्हवी कपूर एवं खुशी कपूर उनकी सौतेली बहनें हैं।

बोनी कपूर, जिन्होंने श्रीदेवी से दूसरी शादी की थी, उनकी पहली पत्नी मोना शौरी कपूर से अर्जुन कपूर पैदा हुए थे। अर्जुन कपूर की एक बहन भी है, जिनका नाम है अंशुला कपूर। शादी के 13 वर्षों के बाद मोना कपूर को बोनी कपूर ने श्रीदेवी से शादी करने के लिए छोड़ दिया था। इसकी वजह से कहा जाता है कि अर्जुन कपूर को पिता बोनी कपूर और श्रीदेवी से बड़ी नफरत हो गई थी।

रहने लगे घर में

अर्जुन कपूर की मां मोना कपूर को जब बोनी कपूर ने छोड़ दिया था तो स्कूल में उनसे उनके दोस्त इस बारे में सवाल करते थे। अर्जुन कपूर को समझ नहीं आता था कि आखिर वे इसका क्या जवाब दें। इस वजह से उन्होंने स्कूल जाना ही बंद कर दिया था। घर में बैठे-बैठे वे मोटापे का शिकार भी हो गए थे। हालांकि बाद में अर्जुन कपूर ने अपने मन में यह ठान लिया कि अब चाहे कुछ भी हो जाए इस बारे में किसी से बात नहीं करनी है। साथ ही उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखने का फैसला कर लिया।

रवैये में बदलाव

वैसे श्रीदेवी की जब मौत हो गई तो उसके बाद अर्जुन कपूर में काफी बदलाव अपने पिता बोनी कपूर और अपनी दोनों सौतेली बहनों जान्हवी कपूर और खुशी कपूर के प्रति देखने को मिला। इन्हें लेकर अब वे बड़े भावुक हो गए। उन्होंने अपनी दोनों बहनों का ख्याल रखना शुरू कर दिया। आलम अब यह है कि अर्जुन कपूर अपनी दोनों बहनों के खिलाफ कुछ भी सुनना पसंद नहीं करते हैं।

चल बसीं मां

फिल्म इश्कजादे से वर्ष 2012 में अर्जुन कपूर ने डेब्यू किया था। हालांकि, इस फिल्म के रिलीज होने से पहले ही कैंसर की वजह से अर्जुन कपूर की मां मोना कपूर चल बसी थीं। अर्जुन कपूर को इस बात का अफसोस आज भी है कि उनकी मां उनकी पहली फिल्म नहीं देख सकीं। अर्जुन कपूर इतना प्यार अपनी मां से करते थे कि अपने दाएं हाथ की कलाई पर उन्होंने मां नाम का टैटू भी बनवा रखा था।

फिल्म इश्कजादे के लिए उन्हें बेस्ट मेल डेब्यू का फिल्मफेयर अवार्ड मिला था। इस फिल्म में उनके अपोजिट परिणीति चोपड़ा नजर आई थीं। इसके बाद अर्जुन कपूर ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। बॉलीवुड में तो अर्जुन कपूर बहुत बाद में आए, मगर इससे पहले वे असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम कर रहे थे। फिल्म कल हो न हो में उन्होंने निखिल आडवाणी को असिस्ट किया था। यही नहीं, नो एंट्री, सलाम-ए-इश्क और वॉन्टेड जैसी फिल्मों में भी अर्जुन कपूर असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में काम कर चुके हैं।

अर्जुन कपूर ने इंडस्ट्री में आज अपना नाम जरूर बना लिया है, लेकिन अपनी मां को याद करके सोशल मीडिया में अक्सर उन्हें भावुक होते देखा जाता है। अर्जुन कपूर इन दिनों मलाइका अरोड़ा के साथ अपने रिश्ते को लेकर बड़ी सुर्खियां बटोर रहे हैं। उनके बर्थडे के मौके पर उनकी एक तस्वीर शेयर करते हुए मलाइका अरोड़ा ने ‘हैपी बर्थडे माय सनशाइन’ लिखकर उन्हें बर्थडे भी विश किया है।

पढ़ें मलाइका से तलाक लेने के बाद अरबाज ने किया था खुलासा, कहा 19 साल हो गए उस से शादी किये लेकिन..

Back to top button