Breaking news

सीएम योगी ने प्रियंका गांधी से पूछे 4 सवाल, कहा- क्या औरैया घटना की जिम्मेदारी लेगी कांग्रेस ?

प्रवासी मजदूरों को लेकर कांग्रेस पार्टी और उत्तर प्रदेश की सरकार के बीच तीखी जंग शुरू हो गई है और ये दोनों एक दूसरे पर कई तरह के आरोप लगा रहे हैं। हाल ही में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश की सरकार पर कई सारे सवाल खड़े किए थे और मजदूरों की भीड़ को लेकर योगी सरकार को घेरा था। वहीं प्रियंका गांधी की और से उत्तर प्रदेश की व्यवस्था पर उठाए गए सवालों का जवाब आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिया है और प्रियंका से काफी तीखे सवाल पूछे हैं। योगी आदित्यनाथ की और से ट्वीट करके कांग्रेस पार्टी से ये सवाल पूछे गए हैं और योगी आदित्यनाथ ने इस पार्टी से कुल 4 सवाल किए हैं।

योगी आदित्यनाथ के कार्यालय की ओर से किए गए ट्वीट में लिखा गया है कि मजदूरों की मददगार बनने का स्वांग रच रही कांग्रेस से मजदूर भाइयों और बहनों के कुछ सवाल:

पहला सवाल

जब आपके पास 1000 बसें थीं, तो राजस्थान और महाराष्ट्र से ट्रकों में भरकर हमारे साथियों को उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड व बंगाल क्यों भेज रहे हैं?

दूसरा सवाल

औरैया में हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना से पूरा देश आहत है। एक ट्रक पंजाब से और दूसरा राजस्थान से आ रहा था। क्या कांग्रेस और प्रियंका गांधी इस घटना की जिम्मेदारी लेंगी? क्या हमारे साथियों से माफी मांगेंगी?

तीसरा सवाल

प्रियंका गांधी जी कहती हैं कि उनके पास 1000 बसें हैं। ये और बात है कि अब तक इन बसों की सूची तक उपलब्ध नहीं कराई गई, न ही हमारे साथियों की. बसों और हमारे साथियों की सूची उपलब्ध करा दी जाए, जिससे उनके कार्य ट्विटर नहीं धरातल पर दिखें।

चौथा सवाल

देशभर में जितनी भी श्रमिक स्पेशल ट्रेनें चल रही है उनमें से आधी से ज्यादा ट्रेनें उत्तर प्रदेश ही आईं है। अगर प्रियंका वाड्रा जी को हमारी इतनी ही चिंता है तो वो हमारे बाकी साथियों को भी ट्रेनों से ही सुरक्षित भेजने का इंतजाम कांग्रेस शासित राज्यों से क्यों नहीं करा रहीं?


ये चारों सवाल सोमवार दोपहर को योगी आदित्यनाथ के दफ्तर के ट्विटर हैंडल से ट्वीट किए गए हैं। इन ट्वीट में कांग्रेस पार्टी को टैग किया गया है। साथ में ही यूपी सरकार ने प्रियंका गांधी की उस पेशकश को भी मंजूर किया है। जिसमें उन्होंने 1000 बसें इंतजाम करने की बात कही थी। यूपी सरकार ने प्रियंका से बसों की जानकारी मांगी है।

इस वजह से पूछे ये सवाल

दिल्ली से सटे गाजियाबाद में अचानक से मजदूरों की भीड़ उमड़ गई थी जो कि यूपी जाना चाहते थे। इस भीड़ को लेकर प्रियंका गांधी ने यूपी सरकार पर निशाना साधा था। दरअसल ये सभी मजूदर श्रमिक ट्रेनों के लिए रजिस्ट्रेशन करवाने के लिए एकजुट हुए थे और इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन हुआ था। प्रियंका गांधी ने इस घटना के बाद एक ट्वीट करके लिखा था कि जब हमने 1000 बसें देने का प्रस्ताव रखा तो उसे ठुकरा दिया गया था, लेकिन अब मजदूरों के लिए यूपी सरकार खुद ही व्यवस्था नहीं कर पाई है।

प्रियंका के इसी बयान के बाद योगी की और से ये चार सवाल प्रियंका गांधी से पूछे गए हैं। गौरतलब है कि प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश की राजनीति में काफी सक्रिया हैं और समय-समय पर योगी सरकार को घेरने में लगी रहती हैं। लेकिन इस बार योगी सरकार की और से प्रियंका गांधी को घेरते हुए चार सवाल किए गए हैं।

Back to top button