
एक सेल्स गर्ल से देश की वित्त मंत्री तक, ऐसा था निर्मला सीतारमण के जीवन का सफर
हमारे देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का जीवन उन करोड़ों महिलाओं के लिए प्रेरणाजनक है जो अपने जीवन में कुछ मुकाम हासिल करना चाहती हैं। एक साधारण से परिवार में जन्मी निर्मला सीतारमण ने अपनी मेहनत के दम पर अपनी एक पहचान बनाई है और आज इतने उच्च पद पर अपनी सेवाएं दे रही हैं। निर्मला सीतारमण बीजेपी पार्टी का एक जाना माना चेहरा हैं और इन्होंने केंद्रीय सरकार में कई अहम पदों पर कार्य किया हुआ है। एक अराजनैतिक परिवार में जन्म निर्मला सीतारमण ने राजनीति में आने से पहले बतौर सेल्स गर्ल भी कार्य किया था और आज मेहनत कर ये सेल्स गर्ल से देश की वित्त मंत्री बन पाई हैं।
मदुरै में हुआ था जन्म
निर्मला सीतारमण का जन्म मदुरै में हुआ था और इन्होंने अपने ग्रेजुएशन स्तर की पढ़ाई त्रिचिरापल्ली के सीतालक्ष्मी रामास्वामी कॉलेज से की थी। अपनी ग्रेजुएशन स्तर की पढ़ाई पुरी करने के बाद निर्मला सीतारमण ने दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में दाखिला लिया था और यहां से एमए की पढ़ाई को पूरा किया था। दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में पढ़ाई करने के दौरान ही निर्मला सीतारमण की मुलाकात परकल प्रभाकर से हुई थी और बाद में परकल प्रभाकर से निर्मला सीतारमण ने विवाह कर लिया था। परकल प्रभाकर का परिवार राजनीति से जुड़ा हुआ था और कांग्रेस पार्टी को समर्थन करता था। परकल प्रभाकर के परिवार के सदस्य कांग्रेस पार्टी की और से विधायक हुआ करते थे।
किया सेल्स गर्ल बनकर काम
अपनी एमए की पढ़ाई पूरी करने के बाद निर्मला सीतारमण लंदन स्कूल ऑफ इकनॉमिक्स से पीएचडी करने के लिए इंग्लैड चले गई। इस दौरान इन्होंने सेल्स गर्ल के तौर पर काम किया। सेल्स गर्ल के तौर पर इनके द्वारा किया गया काम कंपनी के मालिकों को इतना पसंद आया कि इन्हें इस काम के लिए पुरस्कार भी दिया गया था। वहीं अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद निर्मला सीतामरण ने युनाइटेड किंग्डम के एग्रीकल्चरल इंजीनियर्स एसोसिएशन के लिए भी कार्य किया। साल 1991 में ये अपने पति के साथ वापस भारत आ गई थी।
बीजेपी में हुई शामिल
निर्मला सीतामरण ने साल 2006 में बीजेपी पार्टी को ज्वाइन किया था। इस पार्टी की और से इन्हें साल 2010 में पार्टी का प्रवक्ता बनाया गया था। इनके कार्य को देखते हुए साल 2014 में नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में इन्हें शामिल किया गया था। वहीं 3 सितंबर 2017 को इन्हें देश की रक्षा मंत्री नियुक्त किया गया था। इंदिरा गांधी के बाद इस पद को संभालने वाली ये दूसरी महिला थी।
साल 2019 में बनीं वित्त मंत्री
साल 2019 में बीजेपी पार्टी के फिर से सत्ता में आने के बाद निर्मला सीतामरण को वित्त मंत्री का पद सौंप गया। जिसके साथ ही ये देश की पहली फुल टाइम महिला वित्त मंत्री बनीं। ये कर्नाटक की सीट से राज्यसभा की सांसद हैं।
निर्मला सीतामरण द्वारा संभाले गए अन्य पद
वित्त मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय को संभालने के अलावा इन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग के सदस्य के रूप में भी काम किया हुआ है और साल 2014 से 2017 तक इन्होंने वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय को भी संभाला था।