Interesting

कहानी: काम से जुड़ा ज्ञान होने पर योग्यता में निखार आता है

एक गांव में बेहद ही गरीब औरत रहा करती थी। इस औरत का एक बेटा था जो कि 28 वर्ष का था। ये दोनों मां बेटे जैसे-तैसे अपना जीवन बिता रहे थे। इनके पास पैसों की काफी कमी थी और ये दोनों खेतों में मजदूरी करके पैसे कमाया करते थे। एक दिन इस बूढ़ी औरत के बेटे ने सोचा की गांव में रहने से कुछ नहीं होगा इसलिए क्यों ना शहर जाकर पैसे कमाए जाएं। लड़के ने अपनी मां से शहर जाने की बात कही। मां काफी चिंता में आ गई और ये सोचने लगी कि शहर में जाकर उसका बेटा क्या करेगा ? क्योंकि उसके बेटे को सिर्फ खेती करना ही आता था। इस औरत ने अपने बेटे को खूब समझाने की कोशिश की मगर ये नहीं माना और शहर चले गया।

शहर जाकर लड़के ने काम की तलाश शुरू कर दी। लेकिन एक हफ्ते तक उसे कुछ काम नहीं मिला। वहीं एक दिन इस लड़के को एक व्यापारी मिला। इस लड़के ने व्यापारी को अपनी कहानी सुनाई। व्यापारी को इस लड़के पर दया आ गई और इस व्यापारी ने लड़के से पूछा, क्या तुम्हें लकड़ी काटना आती है ? इस लड़के ने उत्साह में  व्यापारी को हां कहा दिया। जिसके बाद व्यापारी ने लड़के को लकड़ी काटने का काम दे दिया।

इस लड़के को लकड़ी काटने का अनुभव नहीं था और ये काम उसके लिए एकदम नया था। काम के पहले दिन व्यापारी इसको एक जंगल में ले गया और इसे पेड़ काटने को कहा। लड़के ने जोश में 15 पेड़ काट दिए। व्यापारी को लड़के का काम पसंद आया और व्यापारी ने उसे अगले दिन भी जंगल में पेड़ काटने के लिए बुला लिया। अगले दिन इस लड़के ने फिर से पेड़ काटना शुरू किया मगर इस बार ये लड़का केवल 13 पेड़ ही काट पाया। तीसरे दिन फिर ये लड़का जंगल आया और इसने पेड़ काटना शुरू किया। मगर तीसरे दिन भी ये लड़का केवल 10 ही पेड़ काट पाया। इस लड़के को अपने काम से निराशा होने लगी। चौथे दिन ये लड़का फिर से पेड़ काटने आया और इस बार ये लड़का सिर्फ 5 ही पेड़ काट पाया। लड़के को समझ नहीं आया की आखिर दिन पर दिन उससे कम पेड़ क्यों कट रहे हैं। लड़के ने व्यापारी से पूछा, मैं रोज पेड़ काट रहा हूं। पहले दिन मैंने 15 पेड़ काटे, दूसरे दिन 13 और आज सिर्फ पांच, ऐसा क्यों हो रहा है?

व्यापारी ने तब इस लड़के से कहा तुम्हारे लिए ये काम एकदम नया है। पहले दिन जोश में आकर तुमने 15 पेड़  काट दिए थे लेकिन तुमने अगले दिन कुल्हाड़ी की धार नहीं बनाई। जिसकी वजह से तुम ज्यादा पेड़ नहीं काट पाए। किसी भी काम को शुरू करने से पहले उस काम से जुड़ा ज्ञान होना बेहद ही जरूरी होता है। पूरा ज्ञान होने के बाद ही किसी काम को शुरू करना चाहिए। इसलिए तुम भी पहले इस काम से जुड़ा ज्ञान हासिल करो और फिर इसे शुरू करो।

कथा की सीख : जब भी आप कोई नया काम शुरू करें तो उस काम से जुड़ा ज्ञान जरूर हासिल कर लें। ऐसा करने से योग्यता में निखार आ जाता है।

Back to top button